उत्तराखंड: मैदानी मार्गों में घना कोहरा होने पर रोडवेज की बसें नहीं चलेंगी

-परिवहन निगम ने जारी किया घने कोहरे का येलो अलर्ट।
देहरादून। मैदानी मार्गों में घना कोहरा होने पर रोडवेज की बसें नहीं चलेंगी। परिवहन निगम ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। मैदानी मार्गों पर इन दिनों कोहरे का प्रकोप है। इस वजह से यूपी ने कोहरे में बसों के संचालन पर रोक लगा दी थी। अब उत्तराखंड परिवहन निगम ने भी इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। निगम के महाप्रबंधक संचालन दीपक जैन के मुताबिक, अगर किसी भी जगह घना कोहरा होगा और बस संचालन में कठिनाई होगी तो तत्काल बस सुरक्षित स्थान पर रोक दी जाएगी। चालक-परिचालक तुरंत इसकी सूचना अपने डिपो के अधिकारियों को देंगे।
डिपो से लाइट, फॉग लाइट, हैलोजन हेडलाइट, वाइपर, ब्रेक, हॉन आदि को सही तरीके से जांचने के बाद ही बस को बाहर जाने दिया जाएगा। उन्होंने सभी डिपो के सहायक महाप्रबंधकों को भी निर्देश दिए हैं कि कोहरे के मद्देनजर बसों में आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं।
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते राज्य के मैदानी क्षेत्रों खासकर ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार जैसे जिलों में अगले 24 घंटे में घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं। इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर प्रदेश, नई दिल्ली, हरियाणा, पंजाब जैसे मैदानी राज्यों में भी घने कोहरे के आसार हैं। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों ने अगले एक सप्ताह तक बारिश के साथ ही राज्य के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावनाओं से इनकार किया है। उनका कहना है कि 27 दिसंबर के बाद पश्चिमी विक्षोभ के पूरी तरह से सक्रिय होने के बाद मैदान से लेकर पहाड़ तक बारिश के साथ ही उच्च हिमालयी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी की पूरी संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *