सिद्धू मूसेवाला की मौत के बाद हरियाणा में दलेर मेंहदी का कार्यक्रम रद्द

पंजाबी गायक सिद्धु मूसेवाला की हत्या के बाद हरियाणा में दिलेर मेंहदी का कार्यक्रम शोक स्वरूप रद्द कर दिया गया है। दिलेर मेंहदी ने हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर के विकास कार्यों को लेकर एक गाना बनाया था, जिसे सोमवार सुबह गुरुग्राम को होटल क्राउन प्लाजा में लॉन्च किया जाना था।  गौरतलब है कि रविवार शाम सिद्धू मुसेवाला की मनसा जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हमले में मूसेवाला के साथ गाड़ी में सवार तीन लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि ये घटना उस वक्त हुई जब मूसेवाला और उसके दोस्त मानसा स्थित अपने गांव की तरफ जा रहे थे।

इस दौरान अज्ञात हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई और फरार हो गए। सिद्धू मुसेवाला को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना में घायल हुए तीन लोगों को मानसा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी गैंगस्टर लीडर लॉरेंस बिश्नोई के सहयोगी गोल्डी बराड़ ने ली है। बताया जाता है कि गोल्डी बराड़ कनाडा में रहकर गैंग ऑपरेट करता है। बताया जा रहा है कि सिद्धू मूसेवाला पर 12 राउंड गोलियां चली जिसमें से पांच गोलियां उसे लगी। सिद्धू मूसेवाला का नाम पंजाब के टॉप सिंगरों में शामिल था। मूसेवाला के कई गाने देश-विदेश में हिट थे।

बताया जा रहा है कि मूसेवाला बिश्नोई गैंग के विरोधी गैंग को सपोर्ट कर रहा था जिसकी वजह से वो बिश्नोई गैंग के निशाने पर था। इससे पहले शनिवार को ही राज्य सरकार ने 424 लोगों की सुरक्षा वापस लेने फैसला किया था। मूसेवाला की हत्या को लेकर राजनीति भी गर्म हो गई है। बीजेपी नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने मूसेवाला की हत्या के लिए सीएम केजरीवाल और सीएम भगवंत मान के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *