कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी कोरोना वायरस की चपेट में आ गई हैं। इतना ही नहीं सोनिया गांधी के अलावा कांग्रेस के कुछ अन्य नेता भी संक्रमित हुए हैं, इनमें कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल भी शामिल हैं। हालांकि कांग्रेस ने जानकारी दी है कि कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बावजूद भी वे ईडी के समक्ष पेश होंगी और कोरोना की वजह से उनकी पेशी पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
सुरजेवाला बोले- ईडी के सामने पेश होंगी सोनिया गांधी
दरअसल, कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने अपने ट्वीट में बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पिछले एक सप्ताह से नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रही हैं, जिनमें से कुछ को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। डॉक्टर की सलाह के बाद उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। सुरजेवाला ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस अध्यक्ष कोरोना के बावजूद भी पूछताछ के लिए केंद्रीय एजेंसी के समक्ष पेश होंगी।
राहुल देश से बाहर, उनके लिए मांगा बाद का समय
सोनिया गांधी को आठ जून को नेशनल हेराल्ड अखबार से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश होना है। हालांकि कोरोना पॉजिटिव होने के बाद कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं लेकिन अब कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया है कि सोनिया गांधी पेश होंगी। उधर राहुल गांधी की भी पेशी गुरुवार को होनी है, लेकिन बताया जा रहा है कि वे देश से बाहर हैं। ऐसे में उन्होंने जांच एजेंसी से आग्रह किया है कि उन्हें बाद की तारीख दी जाए।
कांग्रेस के कुछ अन्य नेता भी कोरोना पॉजिटिव
बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी कोरोना वायरस संक्रमण का शिकार हुई हैं। उनके अलावा कांग्रेस के कुछ अन्य नेताओं के भी संक्रमित होने की खबर है। खास बात है कि मई में वह राजस्थान के उदयपुर में आयोजित चिंतन शिविर में शामिल हुई थीं। उस कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समेत कांग्रेस के सैकड़ों नेताओं ने शिरकत की थी।
फेफड़ों में पहले हो चुका है संक्रमण
सोनिया गांधी पहले भी फेफड़ों में संक्रमण का शिकार हो चुकी हैं। साल 2014 में उन्हें राजधानी दिल्ली स्थित सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, उस दौरान कहा जा रहा था कि कांग्रेस नेता को एहतियात के तौर पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।