राष्ट्रीय निर्वाचन आयोग ने दुर्गम और ऊंचाई वाले मतदान स्टेशनों पर जाने वाले चुनाव कर्मियों का भत्ता दोगुना करने का फैसला किया है। आयोग ने सभी राज्यों के मुख्य चुनाव अधिकारियों को पत्र लिखकर कर्मियों के भत्ते दोगुने करने के फैसले को तुरंत प्रभाव से लागू करने का निर्देश दिया है।
निर्वाचन आयोग ने पत्र में लिखा है कि ऐसे क्षेत्र जहां मतदान पार्टी को तीन दिन पहले जाना पड़ता है, वहां भत्ते दोगुने कर दिए जाएं। इससे पूर्व ये भत्ते सभी कर्मियों को एक समान मिलते थे। आयोग ने यह फैसला हाल में मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार के उत्तराखंड में ऊंचे स्थानों पर बने मतदान केंद्रों (पी3) का दौरा करने के बाद लिया है।
ट्रैकिंग करके पोलिंग बूथ पर पहुंचे राजीव कुमार
इन स्थानों पर राजीव कुमार ट्रैकिंग करके पोलिंग बूथ पर पहुंचे थे। इस दौरे से लौटने के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा था कि मतदान कर्मियों की इस दुरुह मेहनत को देखते हुए उन्हें ज्यादा मेहनताना मिलना चाहिए।
मतदान केंद्रों को खुद दौरा करेंगे मुख्य निर्वाचन अधिकारी
आयोग ने यह निर्देश दिया कि जिला चुनाव अधिकारी और निर्वाचन अधिकारी दुर्गम मतदान केंद्रों का विधानसभा और लोकसभा के आम चुनाव से एक साल पहले ही दौरा करेंगे। साथ ही मुख्य निवार्चन अधिकारी कुछ ऐसे मतदान केंद्रों को दौरा खुद करेंगे।