विश्व हिंदू परिषद ने आरोप लगाया है कि वैश्विक स्तर पर भारत के खिलाफ षड्यंत्र रचा जा रहा है। परिषद का कहना है कि इस षड्यंत्र में अंतरराष्ट्रीय मीडिया के कुछ लोग और कुछ देशों का समूह शामिल हैं।
यह बात विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री मिलिंद परांडे ने हरिद्वार में विश्व हिंदू परिषद केंद्रीय मार्गदर्शक मंडल के दो दिवसीय अधिवेशन के बाद पत्रकारों से कहीं। पैगंबर मोहम्मद साहब पर टिप्पणी के मामले को लेकर विश्व स्तर पर होने वाली चर्चाओं को निशाने पर रखते हुए उन्होंने कहा कि चीन, पाकिस्तान और यूक्रेन सहित तमाम अन्य देशों में कई तरीके की घटनाएं लगातार घटित हो रही हैं।
पाकिस्तान में बम विस्फोट हो रहे हैं हिंदू भी मर रहे हैं और मुसलमान भी मर रहे हैं। इसी तरह चीन में भी लगातार घटनाएं घट रही हैं, यूक्रेन में रोजाना मिसाइल और बम गिराए जा रहे हैं। पर विश्व स्तर पर ना तो विश्व मीडिया और ना ही तमाम ऐसे देश जो भारत की छोटी छोटी घटना पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं, इन विषयों पर कोई आवाज नहीं उठा रहे। उन्होंने इसे भारत के खिलाफ सोचा समझा षड्यंत्र करार दिया। साथ आवाहन किया कि हमें इस षड्यंत्र को समझना होगा और राष्ट्र सेवा व राष्ट्र रक्षा के लिए इसे तोड़ने और खत्म करने के लिए अपने अपने स्तर पर अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन भी करना होगा। विश्व हिंदू परिषद के महामंत्री ने केंद्र सरकार से भी इस मामले में उचित और कड़ा रवैया अपनाने की मांग की।
हरिद्वार: जुनून इंसान को कुछ भी कर गुजरने के लिए मजबूर कर देता है। कर्नाटक के हासन शहर निवासी नागराज गौड़ा ने राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति व सामाजिक संदेश देने के लिए अपने इसी जुनून के बूते साइकिल से आधा भारत नाप डाला। बदरीनाथ दर्शन के बाद शनिवार को हरिद्वार पहुंचने पर नागराज ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक से मुलाकात की।
पूर्व पालिकाध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी ने नागराज को प्रोत्साहन राशि भी दी। गौड़ा ने बताया कि पांच साल पहले उन्होंने साइकिल पर भारत भ्रमण की शुरुआत की थी। चारधाम यात्रा पर उत्तराखंड आने के बाद अब उन्हें बिहार, झारखंड और पश्चिमी बंगाल में गंगा सागर तक जाना है। उनका लक्ष्य है कि आने वाले दो साल में पूरा भारत घूम लें। नागराज ने बताया कि वह दिल्ली में जूना पीठाधीश्वर अवधेशानंद गिरि, आचार्य बालकृष्ण से भी मुलाकात कर चुके हैं।