पंजाब के पूर्व CM प्रकाश सिंह बादल की तबीयत बिगड़ी, मोहाली के निजी अस्पताल में भर्ती

शिरोमणि अकाली दल (शिअद) प्रमुख प्रकाश सिंह बादल को मोहाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पंजाब के पांच बार के मुख्यमंत्री को उल्टी होने के बाद शनिवार रात को अस्पताल ले जाया गया। उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। इससे पहले गैस्ट्रिक संबंधी समस्याओं की शिकायत के बाद 94 वर्षीय को चंडीगढ़ के पीजीआईएमईआर में 6 जून को भर्ती कराया गया था। इसके अगले ही दिन उन्हें छुट्टी दे दी गई।

इस साल की शुरुआत में बादल कोरोना से संक्रमित हुए थे। फरवरी में उन्हें पोस्ट-कोविड स्वास्थ्य जांच के लिए मोहाली के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया था। उनका कार्डियक और पल्मोनरी चेकअप भी हुआ था। कोरोना से रिकवर होने के बाद शिअद प्रमुख को डॉक्टरों ने सलाह दी थी कि दो-तीन हफ्ते पर वो हेल्थ-चेकअप कराते रहें।

मालूम हो कि प्रकाश सिंह बादल पंजाब के 5 बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं। उन्होंने अपना पहला विधानसभा चुनाव 1957 में जीता था। 1969 में भी उन्हें विधानसभा चुनाव में जीत मिली थी। 1969-1970 तक बादल ने सामुदायिक विकास, पंचायती राज, पशुपालन, डेयरी आदि से संबंधित मंत्रालयों में कार्यकारी मंत्री के तौर पर काम किया। वह 1970–71, 1977–80, 1997–2002 में पंजाब के मुख्यमंत्री रहे जबकि 1972, 1980 और 2002 में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *