नीति आयोग ने एक बार फिर राज्यों की इनोवेशन इंडेक्स जारी की है। आयोग द्वारा गुरुवार को जारी इस लिस्ट में कर्नाटक फिरसे नंबर वन बना है। इसे निवेश के लिए सर्वश्रेष्ठ जगह बताया गया। इस इंडेक्स में दूसरा नंबर तेलंगाना और तीसरा हरियाणा का है। आयोग के सूचकांक में राष्ट्रीय स्तर पर नवाचार क्षमताओं और पारिस्थितिक तंत्र की पड़ताल की जाती है।
अपनी एक रिपोर्ट में पीटीआई ने एक आधिकारिक बयान के हवाले से बताया कि सूचकांक का तीसरा संस्करण देश में नवाचार विश्लेषण के दायरे को मजबूत करता है। पिछले संस्करणों में 36 संकेतकों के आधार पर विश्लेषण किया गया था लेकिन इस बार 66 संकेतकों का इस्तेमाल किया गया। बयान में कहा गया कि व्यापक ढांचे के माध्यम से यह सूचकांक भारत में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के नवाचार प्रदर्शन का मूल्यांकन करता है।
राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को उनके प्रदर्शन की प्रभावी तुलना करने के लिए 17 प्रमुख राज्यों, 10 पूर्वोत्तर और पहाड़ी राज्यों तथा 9 केंद्र शासित प्रदेशों एवं शहर राज्यों में वर्गीकृत किया गया है। बता दें कि इस सूचकांक को जारी करने का मकसद राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की इनोवेशन व्यवस्था का आकलन करना है ताकि इसके आधार पर नीति निर्माता अपनी योजनाओं को दिशा दे सकें।
उधर नीति आयोग ने यह भी कहा है कि भारत के पास डिजिटल बैंकों की सुविधा देने के लिहाज से आवश्यक प्रौद्योगिकी है और इसे बढ़ावा देने के लिए नियामक रूपरेखा बनाने की जरूरत होगी। आयोग ने अपनी रिपोर्ट में देश में डिजिटल बैंक लाइसेंसिंग और नियामकीय व्यवस्था के लिए एक खाका तैयार किया है।