देहरादून। प्रधानमंत्री के 14 अप्रैल को प्रस्तावित जनपद भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सविन बंसल ने ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित कर सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बताया गया कि प्रधानमंत्री 14 अप्रैल को गणेशपुर, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से देहरादून के गढ़ीकैंट स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पूरे रूट पर लोक निर्माण विभाग और पुलिस विभाग के समन्वय से बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पुलिस विभाग को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए गए, जबकि एमडीडीए को मार्ग और आसपास के क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नगर निगम को साफ-सफाई, मोबाइल शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं, मुख्य चिकित्साधिकारी को कार्यक्रम स्थल और रूट पर पर्याप्त चिकित्सा टीमों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में मंच निर्माण, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, प्रवेश-निकास द्वार, वीआईपी और आमजन के लिए अलग-अलग व्यवस्था तथा ट्रैफिक प्लान पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समयबद्ध और गुणवत्ता पूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा मुख्य विकास अधिकारी को कार्यक्रम के लिए जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर मुख्य नगर आयुक्त प्रवीण कुमार, अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।