एकलव्य मॉडल विद्यालय कालसी राष्ट्रीय साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता में बना चैंपियन

विकासनगर। एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल की राष्ट्रीय साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता में कालसी एकलव्य विद्यालय चौंपियन बना। विद्यालय की इस उपलब्धि से शिक्षकों और छात्र-छात्राओं में खुशी की लहर है। प्रतियोगिता के तहत एकलव्य कालसी ने कुल 14 प्रतियोगिताओं में पहला स्थान हासिल किया।

31 अक्टूबर से दो नवंबर तक कर्नाटक में संपन्न हुई प्रतियोगिता के तहत देशभर में संचालित एकलव्य विद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया था। उत्तराखंड की ओर से तीन विद्यालयों की सम्मिलित टीम में 90 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के दल ने भाग लिया। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय कालसी की उप प्राचार्य सुधा पैन्यूली के नेतृत्व में गई टीम ने 15 ट्रॉफी अपने नाम की, जिनमें से 14 ट्रॉफी एकलव्य विद्यालय कालसी और एक ट्रॉफी बाजपुर ने हासिल की।

उप प्राचार्य ने बताया कि काव्य पाठ, कहानी कथन (अंग्रेजी), पेंटिंग, क्रिएटिव लेखन (अंग्रेजी), लोकनृत्य (शिक्षक वर्ग), गायन, पेंटिंग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही कहानी कथन (हिंदी), लोक वाद्ययंत्र वादन, सुगम संगीत में द्वितीय स्थान, जूनियर वर्ग कहानी कथन (अंग्रेजी), वाद विवाद प्रतियोगिता, क्रिएटिव लेखन (हिंदी), एकल वाद्ययंत्र में तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यालय के छात्रों की इस उपलब्धि पर प्राचार्य डा. जीसी बडोनी ने खुशी जाहिर करते हुए इसे शिक्षकों की मेहनत का परिणाम करार दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *