आपदा परिचालन केन्द्र का निरीक्षण कर डीएम ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

 

जिलाधिकारी ने आपदा परिचालन केन्द्र की सुस्त कार्य प्रणाली  पर नाराजगी जाहिर करते हुए इसमें सुधार लाने के निर्देश दिये

एसबीटी न्यूज़ उत्तराखंड / देहरादून। जिलाधिकारी डाॅ आर राजेश कुमार ने  जनपद के आपदा परिचालन केन्द्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आपदा परिचालन केन्द्र में तैनात कार्मिकों से जनपद  में वर्षा के कारण अवरूद्ध सड़कों की संख्या एवं खोली गयी सड़कों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने आपदा परिचालन केन्द्र की सुस्त कार्य प्रणाली  पर नाराजगी जाहिर करते हुए इसमें सुधार लाने के निर्देश आपदा प्रबन्धन अधिकारी को दिये। उन्होंने कहा कि आपदा बिन बुलाए मेहमान की तरह होती है जो कभी भी आ सकती है इसलिए यह महत्वपूर्ण हो जाता है कि आपातकालीन सेवाएं 24 घंटे एक्टिव मोड पर रहें।

जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान आपदा परिचालन केन्द्र में ड्यूटी रजिस्टर की जांच करते हुए ड्यूटी पर 2 कर्मचारियों के अनुपस्थित पाये जाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए सम्बन्धित कर्मचारियों के विभागाध्यक्ष को कार्यवाही करने हेतु पत्र प्रेषित करने के निर्देश जिला आपदा प्रबन्धन अधिकारी को दिये।

जिलाधिकारी ने जिला आपदा प्रबन्धन अधिकारी को कर्मचारियों का 15 दिन के रोस्टरवार ड्यूटी लगाते हुए सम्बन्धित कर्मचारियों के नाम एवं मोबाईल न0 नोटिस बोर्ड पर चस्पा करने के निर्देश दिये ताकि कोई भी जनमानस सीधे कार्मिक से सम्पर्क कर सकें।

उन्होंने कहा कि आपदा प्रबन्धन सम्बन्धी कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नही होगी यदि कोई कार्मिक इस कार्य में लापरवाही करते हुए पाये जाते हैं तो सम्बन्धित के विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जायेगी। उन्होंने आपदा परिचालन केन्द्र द्वारा किये जाने वाले कार्यों की विभिन्न पंजिकाओं का अवलोकन किया तथा सम्बन्धित कार्मिकों को कार्यशैली में सुधार लाने के निर्देश दिये। उन्होंने आज आपदा परिचालन केन्द्र को प्राप्त हुई समस्याओं एवं शिकायतों के सम्बन्ध में भी जानकारी प्राप्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *