कहीं आप भारतीय सेना के नाम पर ठगी का शिकार तो नहीं हो रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे फेक मैसेज को लेकर खुद भारतीय सेना ने लोगों को आगाह किया है। सेना के नाम पर पैसे ऐंठने के कई मामले सामने आए हैं। जिसमें लोगों से जवानों और उनके आश्रितों के लिए पैसे देने को कहा जा रहा है।
मैसेज में लोगों से इमोशनल अपील की जा रही है। इसमें युद्ध में घायल होने वाले सैनिकों और उनके आश्रितों की मदद के लिए खासतौर पर बैंक अकाउंट खोले जाने की बात कही गई है। ठग आपसे उस खाते में पैसे जमा करने का अपील कर सकते हैं। इस ठगी से बचने के लिए भारतीय सेना के एडीजी ने ट्विटर के जरिए लोगों को आगाह किया है।
सेना ने कहा कि सोशल मीडिया पर एक फर्जी संदेश भेजा रहा है। इसमें लिखा है, “युद्ध के हताहतों और उनके आश्रितों की सहायता के लिए विशेष रूप से एक बैंक अकाउंट खोला गया है। इसमें जमा पैसों का इस्तेमाल भारतीय सेना के लिए हथियार और उपकरण खरीदने के लिए भी किया जाएगा।” यह एक फर्जी संदेश है। लोगों को इससे सावधान रहने की जरूरत है।