देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि किसी भी राज्य के समग्र विकास में कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। विशेषकर नगर निकाय कर्मचारियों की जिम्मेदारी शहरों और कस्बों में स्वच्छता एवं बुनियादी सुविधाओं को सुचारु बनाए रखने में अहम होती है।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में उत्तराखंड निकाय कर्मचारी संयुक्त मोर्चा द्वारा आयोजित आभार रैली में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों द्वारा दिए गए सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश की देवतुल्य जनता को समर्पित बताया।
उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान कर्मचारियों द्वारा निभाई गई सेवा और समर्पण की सराहना करते हुए इसे मानवता की उत्कृष्ट मिसाल बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आस्था, संस्कृति और पर्यटन की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण राज्य है, जहां चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा और कुंभ जैसे आयोजनों के दौरान नगर निकायों की भूमिका और भी बढ़ जाती है।
मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनके सशक्तिकरण, सुरक्षा और संतुष्टि के लिए प्रतिबद्ध है तथा उनकी समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता के साथ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की विभिन्न मांगों पर चरणबद्ध तरीके से सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार द्वारा निकाय कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। इनमें पर्यावरण मित्रों का मानदेय 500 रुपये प्रतिदिन करना, चारधाम क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों को अतिरिक्त मानदेय, वर्दी और स्नोबूट के लिए 2500 रुपये की सहायता, स्वास्थ्य योजनाओं के लिए वित्तीय प्रावधान, 5 लाख रुपये का ग्रुप टर्म लाइफ इंश्योरेंस, ईपीएफ और ईएसआई लाभ सुनिश्चित करना तथा संविदा कर्मचारियों का वेतन 7,500 से बढ़ाकर 15,000 रुपये करना शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा ‘स्वच्छ भारत मिशन’, ‘अमृत योजना’, ‘स्मार्ट सिटी मिशन’ और ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ जैसी योजनाओं के माध्यम से देशभर में व्यापक विकास कार्य किए जा रहे हैं। राज्य सरकार इन योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर प्रदेश के विकास को गति दे रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि सफाई कर्मचारियों को ‘स्वच्छता मित्र’ के रूप में सम्मानित करते हुए उनके कल्याण के लिए ‘नमस्ते योजना’ और ‘आयुष्मान भारत योजना’ जैसी पहलें चलाई जा रही हैं।
इस अवसर पर विधायक सविता कपूर सहित उत्तराखंड निकाय कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।