सोमवार को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव से पहले कर्नाटक के भाजपा विधायकों को शनिवार शाम बेंगलुरु के एक निजी होटल में भेज दिया गया। भाजपा के मुख्य सचेतक एम सतीश रेड्डी ने विधायकों को मतदान के लिए विधान सभा के लिए रवाना होने तक होटल में रहने के लिए कहा है। पार्टी आलाकमान से मिले निर्देश के बाद रेड्डी ने यह कदम उठाया।
भाजपा के एक विधायक ने बताया कि हाईकमान यह संदेश देना चाहता है कि पार्टी द्रौपदी मुर्मू की उम्मीदवारी को लेकर बहुत गंभीर है। वहीं, राज्य भाजपा इकाई ने विधायकों के लिए आज मॉक वोटिंग ड्रिल का आयोजन किया है। सूत्रों ने कहा कि तीन लोगों को दिल्ली में पार्टी के एक सत्र में ट्रेनिंग दी गई थी जो यहां पर MLAs को मतदान की प्रक्रिया के बारे में बताएंगे।
सोमवार को मतदान करेंगे सांसद और विधायक
15वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए सोमवार को करीब 4,800 निर्वाचित सांसद और विधायक मतदान करेंगे। इस चुनाव में एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की स्थिति विपक्ष के यशवंत सिन्हा की तुलना में स्पष्ट रूप से मजबूत है। मुर्मू के पक्ष में 60 प्रतिशत से अधिक मत पड़ने की संभावना है। मतदान संसद भवन और राज्य विधानसभाओं के भवनों में होगा, जिसके लिए मतपेटियां पहले ही अपने गंतव्यों तक पहुंच चुकी हैं।
मतगणना 21 जुलाई को होगी और अगले राष्ट्रपति द्वारा 25 जुलाई को शपथ ग्रहण की जाएगी। बीजू जनता दल (बीजद), वाईएसआर कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी (बसपा), अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक), जनता दल (सेक्लुयर), तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा), शिरोमणि अकाली दल (शिअद), शिवसेना और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जैसे क्षेत्रीय दलों के समर्थन मुर्मू को मिल सकते हैं। इससे राष्ट्रपति पद के लिए उनकी वोट हिस्सेदारी करीब दो-तिहाई पहुंच सकती है और वह इस शीर्ष संवैधानिक पद पर पहुंचने वाली पहली आदिवासी महिला बन सकती हैं।