ऑपरेशन प्रहार में STF का बड़ा एक्शन, 101 LPG सिलेंडर बरामद, जमाखोरी का भंडाफोड़

📰 न्यूज़ (Seva Bharat Times):

देहरादून/रुड़की। Special Task Force Uttarakhand (एसटीएफ) ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गैस सिलेंडरों की जमाखोरी का भंडाफोड़ किया है। रुड़की के साउथ सिविल लाइंस क्षेत्र में छापेमारी कर 101 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए।

यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशों पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह के नेतृत्व में टीम ने इनपुट के आधार पर छापा मारकर अवैध रूप से जमा किए गए सिलेंडरों को कब्जे में लिया।

बरामद सिलेंडरों में अधिकांश सिलेंडर ‘इंद्रा गैस’ कंपनी के बताए जा रहे हैं। मौके पर खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम को बुलाकर सिलेंडरों को विधिक प्रक्रिया के बाद उनके सुपुर्द कर दिया गया है।

एसटीएफ के अनुसार, हाल ही में गैस की कमी के चलते जमाखोर घरेलू गैस सिलेंडरों को अवैध रूप से इकट्ठा कर होटल और ढाबा संचालकों को ऊंचे दामों पर बेच रहे थे। इसी सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

जांच में सामने आया कि साउथ सिविल लाइंस निवासी जयवीर (पुत्र करण सिंह) द्वारा इन सिलेंडरों का अवैध भंडारण किया गया था, हालांकि छापेमारी के दौरान वह मौके पर नहीं मिला।

एसटीएफ और स्थानीय पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस की कालाबाजारी और जमाखोरी के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। 🚨

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *