प्रदेश में अब हर साल अधिकतम 13 महिलाओं को तीलू रौतेली पुरस्कार मिलेगा। हर जिले से एक महिला को इसके लिए चयनित किया जाएगा। वहीं 35 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग के सचिव हरि चंद सेमवाल के मुताबिक विभाग की ओर से आदेश में बदलाव कर पुरस्कारों की अधिकतम संख्या तय की गई है।
पिछले साल भारतीय हॉकी खिलाड़ी वंदना सहित 22 महिलाओं को इस पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया था जबकि इससे पहले 21 महिलाओं को इस पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया। विभाग के सचिव के मुताबिक अब हर जिले से एक महिला या किशोरी को तीलू रौतेली पुरस्कार से पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी पुरस्कार के लिए अधिकतम 35 कार्यकर्ताओं का चयन किया जाएगा। सचिव के मुताबिक विभाग में 105 परियोजनाएं हैं। हर साल 35 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। इस तरह तीन साल में सभी परियोजनाओं से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कृत होंगी। जिस आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को इस साल पुरस्कृत किया जाएगा, उसे अगले साल पुरस्कृत नहीं किया जाएगा।
सीएम की घोषणा के बाद भी नहीं बढ़ी पुरस्कार की राशि
पिछले साल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुरस्कार राशि 31 हजार रुपये से बढ़ाकर 51 हजार रुपये किए जाने की घोषणा की थी, लेकिन इस बार पुरस्कार राशि 31 हजार ही है। सचिव हरि चंद्र सेमवाल के मुताबिक सीएम घोषणा सेल व वित्त से औपचारिक आदेश जारी न होने से पुरस्कार की धनराशि इस बार भी पूर्ववत रहेगी।