बोलेरो पलटी, 12 लोग घायल, चार की हालत गंभीर
खटीमा। नेपाल से उधम सिंह नगर जनपद के सितारगंज इलाज कराने जा रहे नेपाली यात्रियों से भरी बोलेरो चकरपुर में पलट गई। हादसे में 12 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। चार घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को खटीमा उप जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। वहीं गंभीर रूप से घायलों को डॉक्टरों की टीम ने हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
भारत नेपाल सीमा के बनबसा से सितारगंज जा रहा एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर पलटने से 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि सभी यात्री नेपाल के थे। वाहन में सवार सभी नेपाली यात्री सितारगंज के निजी अस्पताल इलाज के लिए जा रहे थे। वाहन में उनके साथ बच्चे भी सवार बताए जा रहे हैं। घायलों को 108 की मदद से नागरिक अस्पताल में भर्ती किया गया। चार घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। जिन्हें डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया है। हादसे में तीन महिलाएं एक पुरुष को गंभीर चोट आने पर उन्हें रेफर किया गया है। बाकी सभी लोगों का नागरिक अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
———————————
खाई में गिरी जवान की बाइक, मौत
देहरादून। मसूरी देहरादून रोड पर भट्टा गांव के पास चोपड़ा सार के नजदीक बीती देर रात सेना के एक जवान की बुलेट अंनियत्रित होकर गहरी खाई में गिर गयी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची मसूरी पुलिस ने जवान को 108 की मदद से हॉस्पिटल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जवान के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार बाइक सवार सेना का जवान बीती रात मसूरी से देहरादून की ओर जा रहा था। तभी अचानक उसकी बुलेट फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। सिर पर गंभीर चोटें आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक आर्मी में कार्यरत था और मसूरी घूमने के लिए आया था। मसूरी पुलिस ने बताया कि जवान हरदीप सिंह (26) पुत्र रायसिंह निवासी हाउस नंबर 222 अंबाला पंजाब का रहने वाला था और मसूरी घूमने के लिए आया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस हादसे की जानकारी परिजनों को दे दी गई है।