स्कूल बस के पेड़ से टकरा जाने से बस में सवार एक बच्ची की मौत

समाचार सार

विकासनगर के बाडवाला वन चौकपोस्ट बैरियर के पास एक स्कूल बस के पेड़ से टकरा जाने से बस में सवार एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि पांच बच्चे घायल हो गए।

–  एक बच्ची की मौत, पांच घायल

समाचार विस्तार

देहरादून। विकासनगर के बाडवाला वन चौकपोस्ट बैरियर के पास एक स्कूल बस के पेड़ से टकरा जाने से बस में सवार एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि पांच बच्चे घायल हो गए। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे ग्रामीणों व पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुँचाया। घटना को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। सोमवार की सुबह बाड़वाला स्थित एक निजी स्कूल की बस छात्र-छात्राओं को लेकर स्कूल जा रही थी।

वन विभाग के चौकपोस्ट बैरियर के पास सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के लिए बस चालक ने बस को सड़क के किनारे की ओर किया। इस दौरान बस का ऊपरी हिस्सा सड़क किनारे खड़े पेड़ की टहनी से टकरा गया। जिसके चलते बस का सामने का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। बस में सवार पांच बच्चे घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मची चीख पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायल बच्चों को अस्पताल पहुँचाया। जहां चिकित्सकों ने ग्राम नेटवाड़ निवासी श्रृष्टि चौहान पुत्री पद्मसिंह चौहान को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायल बच्चों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *