सिद्धू मूसेवाला का अपनी ही जमीन पर होगा अंतिम संस्कार, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने दी श्रद्धांजलि; हजारों लोग जुटे

पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में लोग उनके घर पर पहुंच रहे हैं। रविवार को उनकी ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हमालवरों ने हत्या कर दी थी। आज सुबह ही उनके शव का पोस्टमार्टम हुआ और फिर घर लाया गया। जहां बड़ी संख्या में उनके प्रशंसक और ग्रामीण जुटे हैं। आज दोपहर बाद ही सिद्धू मूसेवाला का उनके गांव मूसा में अंतिम संस्कार हो सकता है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर राजा वडिंग भी आज सुबह उनके घर पहुंचे और मूसेवाला को श्रद्धांजलि दी। बता दें कि मानसा विधानसभा सीट से मूसेवाला ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था। हालांकि उन्हें जीत नहीं मिल पाई थी।

सिद्धू मूसेवाला के परिवार ने अपनी ही जमीन पर उनका अंतिम संस्कार करने का फैसला लिया है। इससे पहले जिला प्रशासन ने गांव के श्मशान में उनके अंतिम संस्कार की व्यवस्था की थी। पोस्टमार्टम में यह बात सामने आई है कि सिद्धू मूसेवाला के शरीर में दो दर्जन गोलियां लगी थीं। इनमें से एक गोली उनके सिर में भी लगी थी। सोमवार को 5 डॉक्टरों ने उनके शव का पोस्टमार्टम किया था, जिसके बाद सूत्रों ने यह जानकारी दी है। सिद्धू मूसेवाला महज 28 साल के ही थे और कुछ ही सालों में वह पंजाबी इंडस्ट्री का बड़ा नाम हो चुके थे।फिलहाल उनके गांव में कड़ी सुरक्षा है और भारी भीड़ को देखते हुए सतर्कता बरती जा रही है। मानसा सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद मूसेवाला के पिता को शव सौंपा गया। इसके बाद उनके शव को घर लाया गया। यहां पहुंचने पर बड़ी संख्या में उनके प्रशंसक मौजूद थे और नारेबाजी करते दिखे। रविवार को उनके गांव से कुछ दूरी पर ही कुछ हमलावरों ने उन पर अटैक कर दिया था। करीब 30 गोलियां मारकर उनके शरीर को छलनी कर दिया गया था। इस हमले की जिम्मेदारी गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई के गैंग और उसके साथी गोल्डी बराड़ ने ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *