देहरादून में रोड कटिंग के बाद सड़कों के रेस्टोरेशन पर सख्ती, सचिव लोनिवि ने किया व्यापक निरीक्षण

देहरादून, 19 मार्च 2026: शहर में रोड कटिंग के बाद सड़कों की खराब स्थिति और आमजन को हो रही असुविधा को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। सचिव लोक निर्माण विभाग पंकज पाण्डेय ने गुरुवार सुबह जिलाधिकारी सविन बंसल और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

सुबह 6 बजे से शुरू हुए इस निरीक्षण में शहर के प्रमुख इलाकों—दिलाराम चौक, सहस्त्रधारा रोड, आईटी पार्क, रिस्पना पुल, आईएसबीटी, बल्लूपुर चौक, शिमला बाईपास, निरंजनपुर मंडी सहित कई स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकांश स्थानों पर सड़क रेस्टोरेशन कार्य संतोषजनक पाया गया, लेकिन कुछ जगहों पर कार्य अधूरा और मलबा सड़क पर पड़ा मिला। इस पर सचिव ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि निर्माण कार्यों से आम जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी कार्य तय समयसीमा में पूरे किए जाएं। रोड कटिंग के बाद सड़कों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध रेस्टोरेशन अनिवार्य है।

सचिव ने चेतावनी दी कि निर्धारित शर्तों और समयसीमा का पालन न करने वाली कार्यदायी संस्थाओं और एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिला प्रशासन की क्यूआरटी को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि रोड कटिंग के लिए अब सख्त नियम लागू किए गए हैं। किसी भी एजेंसी को एक समय में केवल 2-3 स्थानों पर ही कार्य की अनुमति दी जाएगी। साथ ही 15 से 21 दिनों के भीतर कार्य पूरा करना अनिवार्य होगा, इसके बाद ही नए कार्यों की अनुमति मिलेगी।

उन्होंने यह भी बताया कि सभी एजेंसियों से शपथ पत्र लिया गया है, जिसमें शर्तों के उल्लंघन पर कार्रवाई का प्रावधान है। प्रशासन का लक्ष्य है कि विकास कार्यों के साथ-साथ आमजन की सुविधा भी प्रभावित न हो।

निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, एसडीएम हरिगिरि, एसडीएम कुमकुम जोशी समेत लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *