गरमपानी सीएचसी में स्वास्थ्य मंत्री का छापा, अनुपस्थित डॉक्टर पर कार्रवाई के निर्देश

नैनीताल। उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने शुक्रवार को नैनीताल जनपद स्थित गरमपानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों और कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की गई, जिसमें कुछ अनियमितताएं सामने आईं।

निरीक्षण के दौरान एक चिकित्सक अनुपस्थित पाए गए, जिस पर स्वास्थ्य मंत्री ने गंभीर संज्ञान लेते हुए संबंधित डॉक्टर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, उपचार व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन को बेहतर, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक मजबूत, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *