रुद्रप्रयाग। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में विकासखण्ड ऊखीमठ के ग्राम पंचायत गिरिया-कविल्ठा में आपदा प्रबंधन एवं लाइफ सेफ्टी आधारित जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी एवं आपदा प्रबंधन अधिकारी के आदेशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर (खोज एवं बचाव) सीमा परमार, डीडीएमए व डीडीआरएफ ऊखीमठ ने ग्रामीणों को प्रशिक्षण प्रदान किया।
कार्यक्रम में प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं की जानकारी देते हुए आपदा से पूर्व तैयारी, आपदा के दौरान सतर्कता तथा आपदा के पश्चात की जाने वाली कार्यवाही पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। प्रतिभागियों को बेसिक उपकरणों का प्रयोग, अस्थायी स्ट्रेचर बनाना, प्राथमिक उपचार, सीपीआर, आग से बचाव, जंगली जानवरों से सुरक्षा, बाढ़ से बचाव के उपाय तथा सुरक्षित निकासी मार्गों की जानकारी दी गई। साथ ही जनपद एवं राज्य आपातकालीन टोल फ्री नंबरों की जानकारी साझा की गई तथा “भू-देव ऐप” के उपयोग के बारे में भी बताया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में ग्राम पंचायत गिरिया से 47 एवं कविल्ठा से 31 सहित कुल 78 ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया। ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।