मसूरी। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी-देहरादून मार्ग पर निर्माणाधीन वैली ब्रिज का स्थलीय निरीक्षण किया। पर्यटन सीजन को ध्यान में रखते हुए उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्यटन सीजन शुरू होने से पहले हर हाल में वैली ब्रिज का निर्माण कार्य पूरा किया जाए, ताकि पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व गणेश जोशी ने लोक निर्माण विभाग और वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए स्थायी पुल बनने से पहले अस्थायी वैली ब्रिज तैयार करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में उन्होंने मौके पर पहुंचकर कार्यों का निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि वैली ब्रिज के निर्माण से मसूरी-देहरादून मार्ग पर यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, जाम की समस्या से राहत मिलेगी और आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा।
👉 पर्यटन सीजन में बढ़ती आवाजाही को देखते हुए यह वैली ब्रिज स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।