प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हैदराबाद पहुंचने पर रिसीव करने नहीं पहुंचे तेलंगाना के सीएम के चंद्रशेखर राव (केसीआर) को भाजपा ने घेरा है। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के बाद तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष बंदी संजय ने तंज कसते हुए कहा कि शेर के आ जाने से लोमड़ी भाग जाती है। इसीलिए केसीआर नहीं आए। बता दें कि प्रोटोकॉल के तहत केसीआर को पीएम के तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद पहुंचने पर अगवानी के लिए पहुंचना था। लेकिन यह दूसरा मौका है, जब वे पीएम को रिसीव करने नहीं पहुंचे।
शनिवार को पीएम नरेंद्र मोदी दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत हैदराबाद पहुंचे। वे यहां भाजपा की दो दिनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में उपस्थित होंगे। पीएम मोदी के हैदराबाद पहुंचने पर प्रोटोकॉल के तहत तेलंगाना सीएम केसीआर को उन्हें रिसीव करने के लिए पहुंचना था, लेकिन किन्हीं कारणों से वो अगवानी में शामिल नहीं हुए। इससे पहले भी पीएम मोदी की अगवानी से केसीआर से दूरी बनाई थी।
अब केसीआर के पीएम मोदी की अगवानी नहीं करने को लेकर भाजपा ने उन पर हमला बोला है। तेलंगाना के भाजपा अध्यक्ष बंदी संजय ने कहा कि, ” शेर के आते ही लोमड़ियां भाग जाती हैं। अब जब शेर आया है तो वह (केसीआर) भाग रहे हैं। हम नहीं जानते कि वह ऐसा क्यों कर रहे हैं? आने वाले दिनों में यहां हम भगवा झंडा फहराएंगे।”बता दें कि इससे पहले केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी केसीआर पर हमला बोला था। उन्होंने कहा कि केसीआर ने किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि एक संस्थान का अपमान किया है। स्मृति ईरानी ने कहा कि उन्होंने संविधान का मजाक उड़ाया है।