सहस्त्रधारा के पास 200 मीटर गहरी खाई में गिरा व्यक्ति, मौत

(सेवा भारत टाइम्स):

देहरादून। थाना राजपुर क्षेत्र के अंतर्गत सहस्त्रधारा टूरिस्ट प्लेस के पास एक दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की खाई में गिरने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि व्यक्ति लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, थाना राजपुर पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि आईटी पार्क क्षेत्रांतर्गत सहस्त्रधारा के पास एक व्यक्ति खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए पोस्ट सहस्त्रधारा से एसडीआरएफ की टीम भी आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

एसडीआरएफ के जवानों ने कठिन परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाते हुए खाई में गिरे व्यक्ति तक पहुंच बनाई और उसे बाहर निकाला। हालांकि, तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।

थाना राजपुर प्रभारी प्रदीप रावत ने बताया कि एसडीआरएफ टीम द्वारा शव को सावधानीपूर्वक खाई से बाहर निकालकर आगे की कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया गया है। फिलहाल मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *