बेटियों की ताकत: पिथौरागढ़ ने जीती बालिका बॉक्सिंग प्रतियोगिता

हरिद्वार। उत्तराखंड यूथ महिला एवं पुरुष मुक्केबाजी प्रतियोगिता 2026 में बालिका वर्ग में पिथौरागढ़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। रविवार को योगस्थली खेल परिसर के मल्टीपरपज हॉल में प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ।

समापन अवसर पर प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने विजेता खिलाड़ियों और टीमों को ट्रॉफी व मेडल देकर सम्मानित किया।

खेल मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड तेजी से बॉक्सिंग का उभरता हुआ केंद्र बन रहा है और आने वाले समय में प्रदेश के खिलाड़ी ओलंपिक और कॉमनवेल्थ जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों को सफलता के लिए मेहनत, समर्पण और अनुशासन को जरूरी बताया। साथ ही यह भी कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए सरकार द्वारा आउट ऑफ टर्न नौकरी की व्यवस्था पहले से लागू है।

प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 13 जनपदों की टीमों ने भाग लिया। बालिका वर्ग में पिथौरागढ़ जनपद की टीम को ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया, जबकि पिथौरागढ़ स्पोर्ट्स हॉस्टल की टीम रनर-अप रही।

विभिन्न भार वर्गों में पिथौरागढ़ की खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। 45-48 किलोग्राम वर्ग में जया ने गोल्ड, सविता ने सिल्वर और नेहा व गुंजन ने ब्रॉन्ज मेडल जीते। 48-51 किलोग्राम वर्ग में कोमल लोहिया ने गोल्ड, कृष्णा ने सिल्वर और ऋतु व वैष्णवी ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किए।

इसी तरह 51-54 किलोग्राम वर्ग में चांदनी ने गोल्ड जीतकर अव्वल स्थान प्राप्त किया, जबकि कविता ने सिल्वर और अनुष्का व अलीशा ने ब्रॉन्ज मेडल जीते। 54-57 किलोग्राम वर्ग में बबीता ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया, वहीं सलोनी ने सिल्वर और अंशिका व रिया ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किए।

इस अवसर पर गोपाल खोलिया, निर्माण मुखर्जी, देवेंद्र चंद्र भट्ट, नवीन टम्टा, विशाल गर्ग, नवीन चौहान, विपिन चौधरी और सुधीर जोशी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *