देहरादून में पीएम मोदी के कार्यक्रम से पहले सीएम धामी का हाई-अलर्ट मोड, जसवंत ग्राउंड का किया निरीक्षण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 14 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर तैयारियों का जायजा लेने के लिए गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, बिजली और स्वच्छता सहित सभी जरूरी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और सभी तैयारियां तय समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं।

सीएम धामी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर देते हुए विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ठोस प्लान तैयार करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सेवाओं को अलर्ट मोड में रखने को कहा।

कार्यक्रम स्थल पर मंच, दर्शक दीर्घा और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आयोजन की गरिमा के अनुरूप सभी तैयारियां व्यवस्थित और सुनियोजित तरीके से की जाएं। उन्होंने स्वच्छता और सौंदर्यीकरण कार्यों को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम उत्तराखंड के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है और इसकी सफलता सुनिश्चित करना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

निरीक्षण के दौरान गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय, आईजी राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी सविन बंसल, अपर सचिव बंशीधर तिवारी और एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *