📰 सेवा भारत टाइम्स | न्यूज रिपोर्ट
📍 कोटद्वार, उत्तराखंड | 29 मार्च 2026: जिला उद्योग केंद्र द्वारा आयोजित तीन दिवसीय “हिमालयन इंडस्ट्री एंड बिज़नेस एक्सपो” के अंतर्गत कोटद्वार स्थित महाराजा वेडिंग प्वाइंट में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार की विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस प्रकार के उद्योग एवं व्यवसाय एक्सपो स्थानीय उद्यमियों, स्वरोजगार से जुड़े युवाओं एवं महिलाओं के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि उत्तराखंड में लघु, कुटीर एवं मध्यम उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं, जिससे स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिलती है और रोजगार के अवसर सृजित होते हैं।
उन्होंने उद्यमियों से अपील की कि वे सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाएं और प्रदेश की आर्थिक प्रगति में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
एक्सपो के दौरान विभिन्न उद्योगों द्वारा आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, खाद्य सामग्री एवं नवाचारों को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और उद्यमियों के प्रयासों की सराहना की।
इस मौके पर राज्यमंत्री दर्जाधारी ऋषि कंडवाल, महाप्रबंधक सोमनाथ गर्ग, सुनील गुप्ता, बालेन्द्र कुमार, मयंक कोठारी, ममता, विवेक अग्रवाल, जयदीप बिष्ट एवं अजय गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।