कोटद्वार/संवाददाता पुनीत रावत। नगर निगम कोटद्वार के मेयर शैलेंद्र रावत ने झंडाचौक क्षेत्र में लगातार बनी हुई जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए देर रात्रि मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीवेज निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा मौके पर चल रहे कार्यों का बारीकी से जायजा लिया।

मेयर शैलेंद्र रावत ने अधिकारियों एवं संबंधित कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि सीवेज और जल निकासी से जुड़े सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप, गुणवत्तापूर्ण एवं तय समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं, ताकि क्षेत्रवासियों और राहगीरों को जलभराव जैसी समस्या से जल्द राहत मिल सके।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए नगर निगम किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यक सभी कदम तत्काल प्रभाव से उठाए जाएं।
मेयर ने यह भी कहा कि नगर निगम कोटद्वार जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को प्राथमिकता के साथ गंभीरता से ले रहा है और शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शहर में जलभराव, सीवेज और सफाई से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने भी मेयर के रात्रिकालीन निरीक्षण और सक्रियता की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही झंडाचौक क्षेत्र को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।