देहरादून/ संवाददाता। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर राज्य के पत्रकारों एवं मीडिया कर्मियों के प्रतिष्ठित संगठन उत्तराखंड पत्रकार महासंघ द्वारा सेवा भारत टाइम्स के मुख्य संपादक राजीव मैथ्यू को “पत्रकारिता गौरव सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान, निष्पक्ष लेखनी एवं जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए प्रदान किया गया।
आज देहरादून में सर्वेचोक स्थित आईआरडीटी प्रेक्षागृह में सम्मान समारोह में प्रदेशभर से वरिष्ठ पत्रकार, मीडिया प्रतिनिधि एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में निष्पक्ष और जनहितकारी पत्रकारिता समाज की सबसे बड़ी आवश्यकता है तथा राजीव मैथ्यू ने सेवा भारत टाइम्स के माध्यम से आम जनता की आवाज को मजबूती से उठाने का कार्य किया है।
उत्तराखंड पत्रकार महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि सेवा भारत टाइम्स ने राज्य के सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता के साथ प्रकाशित कर पत्रकारिता क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं, युवाओं के मुद्दों तथा सामाजिक सरोकारों को मंच देने में संस्था की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद राजीव मैथ्यू ने उत्तराखंड पत्रकार महासंघ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं बल्कि सेवा भारत टाइम्स की पूरी टीम एवं उन पाठकों का है जिन्होंने हमेशा उनके कार्यों को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी वे निष्पक्ष, निर्भीक एवं जनहितकारी पत्रकारिता के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने राजीव मैथ्यू को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।