पौड़ी/देहरादून। कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने बुधवार को पैठाणी, पाबौ और खिर्सू क्षेत्र के व्यापक दौरे के दौरान करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को विकास कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
दौरे की शुरुआत पैठाणी स्थित प्रसिद्ध राहु मंदिर में पूजा-अर्चना से हुई, जहां मंत्री ने प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण को सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेशभर में सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
पाबौ क्षेत्र में मंत्री ने 55.50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले बिडोली विद्युत उपकेंद्र का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि उपकेंद्र के निर्माण से क्षेत्र में लंबे समय से बनी विद्युत आपूर्ति की समस्याओं का समाधान होगा और उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली सेवाएं मिल सकेंगी।
इसके अलावा उन्होंने राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय पसीणा में 9.14 लाख रुपये की लागत से भवन निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य तथा मोल्काखाल-टीला मोटर मार्ग के 2.10 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले वन टाइम मेंटेनेंस कार्य का भी शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार ग्रामीण विकास की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
मंत्री ने ग्राम पिनाकोट, बगाड़ियूं, स्योली तल्ली और स्योली मल्ली के ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान किया।
खिर्सू क्षेत्र में उन्होंने राजकीय प्राथमिक विद्यालय डोबरी में 30.70 लाख रुपये की लागत से होने वाले निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया, जबकि राजकीय प्राथमिक विद्यालय भैंसवाड़ा में पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा का स्तर सुधारने और विद्यालयों के आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने के लिए निरंतर निवेश कर रही है।
डॉ. रावत ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास की रोशनी को अंतिम गांव तक पहुंचाना है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और युवाओं, महिलाओं तथा किसानों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य शिव चरण नौडियाल, हरेंद्र नेगी, गणेश नेगी राठी, वीरेंद्र रावत, मातवर सिंह रावत, धूम सिंह, शिव लाल, पंकज सिंह रावत, अनिल सिंह नेगी, ग्राम प्रधान टीला गीता देवी, दीपक त्रिपाठी, अनिल नेगी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।