देवप्रयाग/देहरादून। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग के निकट सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चारधाम यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की इनोवा कार अलकनंदा नदी में समा गई। हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि पांच लोग लापता बताए जा रहे हैं। एक 12 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है।
200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार
जानकारी के अनुसार, वाहन संख्या UK08 TA 5433 में सवार श्रद्धालु राजस्थान के जैसलमेर जिले से चारधाम यात्रा कर लौट रहे थे। सुबह करीब 10:30 बजे देवप्रयाग के चकासा क्षेत्र में सैनिक होटल और पंत गांव के बीच स्थित डंपिंग जोन के पास वाहन अनियंत्रित हो गया। तेज रफ्तार इनोवा क्रैश बैरियर तोड़ते हुए लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी और सीधे अलकनंदा नदी की तेज धाराओं में समा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि वाहन को सड़क किनारे लगा मजबूत सुरक्षा बैरियर भी नहीं रोक सका।
रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर जारी
घटना की सूचना मिलते ही देवप्रयाग कोतवाली पुलिस, एसडीआरएफ, जल पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। व्यासी, श्रीनगर और ढालवाला से एसडीआरएफ की तीन विशेष टीमों को राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया है।
नदी के तेज बहाव और दुर्गम भूभाग के कारण बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। डीप डाइविंग टीमों और गोताखोरों की मदद से लापता यात्रियों की तलाश जारी है।
12 वर्षीय आयुष्मान की हालत गंभीर
हादसे में घायल हुए 12 वर्षीय आयुष्मान को रेस्क्यू कर पहले श्रीनगर बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है।
राजस्थान से आए थे चारधाम यात्री
बताया जा रहा है कि वाहन में सवार सभी लोग राजस्थान के जैसलमेर स्थित दरियानाथ बावड़ी क्षेत्र के निवासी थे और चारधाम यात्रा पूरी कर हरिद्वार की ओर लौट रहे थे। दुर्घटना के बाद प्रशासन मृतकों की पहचान और परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक सूचना का इंतजार करने की अपील की है। वहीं पूरे क्षेत्र में राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।