कोटद्वार/ संवाददाता पुनीत रावत। अमृत 2.0 रिफॉर्म इंसेंटिव योजना के अंतर्गत निर्मित रजत जयंती पार्क (बुद्धा पार्क) का शनिवार को कोटद्वार मेयर शैलेंद्र रावत द्वारा लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर नगरवासियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्षदगण एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

मेयर शैलेंद्र रावत ने इस अवसर पर कोटद्वार की सम्मानित जनता द्वारा मिले अपार स्नेह, समर्थन एवं सहभागिता के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पार्क नगर की सुंदरता, स्वच्छता और नागरिकों के बेहतर स्वास्थ्य के संकल्प को समर्पित है। उन्होंने कहा कि नगर के विकास हेतु जनसहयोग और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा है।
उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व एवं सहयोग से नगर विकास की जनहितकारी योजनाएं लगातार धरातल पर उतर रही हैं। साथ ही गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी की गरिमामयी उपस्थिति एवं मार्गदर्शन को प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल, नगर आयुक्त पी.एल. शाह सहित कई गणमान्य लोग एवं पार्षदगण उपस्थित रहे।
नगरवासियों ने रजत जयंती पार्क को शहर के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात बताते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं की दिशा में एक सकारात्मक पहल बताया।