16 करोड़ की लागत से बन रहा नंदा की चौकी पुल अंतिम चरण में, मंत्री ने लिया जायजा

देहरादून। प्रदेश के लोक निर्माण एवं सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने मंगलवार को प्रेमनगर स्थित नंदा की चैकी (टौंस नदी) पुल के पुनर्निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

मीडिया से बातचीत में मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि पुल का लगभग 95 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और यदि मौसम अनुकूल रहा तो अगले 10 दिनों के भीतर पुल आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। पुल के चालू होने से प्रेमनगर, विकासनगर और आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोगों को सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।

उन्होंने बताया कि वर्षा और बाढ़ के कारण प्रभावित हुई इस परियोजना का पुनर्निर्माण लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से लोक निर्माण विभाग (PWD) और एनएचएआई के सहयोग से किया जा रहा है। इस बार पुल के निर्माण में पारंपरिक ओपन फाउंडेशन के स्थान पर अधिक सुरक्षित और मजबूत वेल फाउंडेशन तकनीक का उपयोग किया गया है, जिससे भविष्य में बाढ़ जैसी परिस्थितियों में पुल की मजबूती बनी रहे।

मंत्री ने बताया कि नदी के दोनों किनारों पर आरसीसी रिटेनिंग वॉल का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है। साथ ही पुल के अन्य तीन पिलरों को भी अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान करने के लिए सुरक्षात्मक कार्य किए जा रहे हैं, ताकि पुल लंबे समय तक सुरक्षित और टिकाऊ बना रहे।

निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता राजेश शर्मा, मुख्य अभियंता रणजीत सिंह तथा ओमपाल सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *