‘मेरी योजना’ का ऑडियो संस्करण जारी, मुख्यमंत्री बोले- हर पात्र तक पहुंचे योजनाओं का लाभ

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह  धामी ने मंगलवार को सचिवालय में कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग द्वारा तैयार की गई ‘मेरी योजना’ पुस्तक के ऑडियो संस्करण का अनावरण किया। इस पहल का उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक सरल और प्रभावी तरीके से पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मेरी योजना’ पुस्तक में विभिन्न विभागों की कल्याणकारी योजनाओं को एक मंच पर संकलित किया गया है, जिससे नागरिकों को योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी आसानी से मिल सकेगी। पुस्तक में स्वरोजगार, कौशल विकास, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़ी योजनाओं को सरल भाषा में प्रस्तुत किया गया है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर नवाचार किए जाएं तथा शासनादेशों और सरकारी सूचनाओं को भी आमजन की समझ के अनुरूप सरल भाषा में जारी किया जाए।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी  के नेतृत्व में देश तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में सड़क, रेल, हवाई संपर्क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, महक क्रांति योजना, एरोमा वैली और मिशन एप्पल जैसी योजनाएं युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित कर रही हैं।

कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग के सचिव दीपक  कुमार  ने बताया कि ‘मेरी योजना’ का ऑडियो संस्करण आकाशवाणी सहित विभिन्न रेडियो स्टेशनों पर प्रसारित किया जाएगा, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक भी योजनाओं की जानकारी पहुंच सकेगी। उन्होंने बताया कि विभाग अब तक पुस्तक के चार संस्करण प्रकाशित कर चुका है तथा इसका डिजिटल संस्करण भी उपलब्ध है। कार्यक्रम में सूचना निदेशक बंशीधर तिवारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *