देहरादून। उत्तराखंड में आधुनिक चिकित्सा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज करते हुए देहरादून के मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने 19 वर्षीय युवती का रोबोटिक किडनी ट्रांसप्लांट सफलतापूर्वक कर नया जीवन दिया। युवती की दोनों किडनियां लगभग काम करना बंद कर चुकी थीं और वह पिछले करीब एक वर्ष से नियमित डायलिसिस पर निर्भर थी।
जानकारी के अनुसार युवती आनुवंशिक (जेनेटिक) कारणों से होने वाली क्रॉनिक किडनी डिजीज से पीड़ित थी। बीमारी बढ़ने के साथ उसकी दोनों किडनियों ने काम करना लगभग बंद कर दिया, जिसके बाद स्थायी उपचार के लिए उसे मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, देहरादून लाया गया। विशेषज्ञों ने जांच के बाद किडनी ट्रांसप्लांट की सलाह दी।
मां बनी जीवनदाता, दान की अपनी एक किडनी
इस भावुक और प्रेरणादायक कहानी में 42 वर्षीय मां ने अपनी बेटी की जान बचाने के लिए अपनी एक किडनी दान करने का निर्णय लिया। आवश्यक मेडिकल जांच में उनकी किडनी ट्रांसप्लांट के लिए पूरी तरह उपयुक्त पाई गई, जिसके बाद ऑपरेशन की तैयारी शुरू की गई।
रोबोटिक तकनीक बनी वरदान
डॉक्टरों के सामने सबसे बड़ी चुनौती युवती का सामान्य से अधिक वजन था। ऐसे मरीजों में पारंपरिक (ओपन) सर्जरी के दौरान संक्रमण, अधिक दर्द और रिकवरी में अधिक समय लगने का खतरा रहता है। इन जोखिमों को देखते हुए डॉक्टरों ने अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जरी सिस्टम की मदद से किडनी ट्रांसप्लांट करने का निर्णय लिया।
रोबोटिक तकनीक के जरिए छोटे-छोटे चीरे लगाकर बेहद सटीक तरीके से ऑपरेशन किया गया। इससे शरीर को कम नुकसान पहुंचा, दर्द कम हुआ और मरीज की रिकवरी भी अपेक्षाकृत तेजी से हुई। ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा और युवती अब स्वस्थ होकर सामान्य जीवन की ओर लौट रही है।
क्या बोले विशेषज्ञ?
मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, देहरादून के डॉ. दीपक गर्ग ने बताया कि रोबोटिक किडनी ट्रांसप्लांट विशेष रूप से उन मरीजों के लिए बेहद लाभकारी है, जिनका वजन अधिक है या जिनमें पारंपरिक सर्जरी का जोखिम ज्यादा होता है। इस तकनीक से सर्जरी अधिक सटीक होती है और मरीज जल्दी स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौट सकता है।
उन्होंने बताया कि ट्रांसप्लांट के बाद मरीज को नियमित चिकित्सकीय निगरानी, जीवनभर इम्यूनोसप्रेसिव दवाइयों का सेवन, स्वस्थ जीवनशैली और संक्रमण से बचाव संबंधी सावधानियां अपनानी होंगी।
उत्तराखंड के मरीजों को मिला बड़ा लाभ
यह सफल रोबोटिक किडनी ट्रांसप्लांट न केवल अस्पताल की उन्नत ट्रांसप्लांट सेवाओं की बड़ी उपलब्धि है, बल्कि इससे उत्तराखंड और आसपास के राज्यों के मरीजों को अब अपने ही क्षेत्र में विश्वस्तरीय रोबोटिक ट्रांसप्लांट सुविधा उपलब्ध हो रही है।