देहरादून: घंटाघर स्थित आरपी चर्च में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया ईस्टर पर्व

देहरादून। शहर के ऐतिहासिक घंटाघर क्षेत्र स्थित आरपी चर्च में रविवार को ईसाई समुदाय द्वारा ईस्टर का पावन पर्व श्रद्धा, आस्था और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रभु यीशु मसीह के पुनरुत्थान की खुशी में विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

इस अवसर पर चर्च के पास्टर बी. के. दास ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए प्रभु यीशु मसीह के पुनरुत्थान के महत्व पर प्रकाश डाला।

पास्टर बी. के. दास ने अपने संदेश में कहा कि ईस्टर का पर्व आशा, विश्वास और नए जीवन का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि प्रभु यीशु का पुनरुत्थान मानवता के लिए प्रेम, क्षमा और सेवा का संदेश लेकर आया है, जिसे हर व्यक्ति को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।

प्रार्थना सभा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रभु यीशु के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। इस दौरान भजन-कीर्तन और विशेष प्रार्थनाएं आयोजित की गईं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

चर्च परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को ईस्टर की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में समाज में शांति, सद्भाव और खुशहाली की कामना की गई।

सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर भी प्रशासन सतर्क रहा, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

सेवा भारत टाइम्स की ओर से सभी को ईस्टर पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *