देहरादून। उत्तराखंड में अगले दो दिनों तक भीषण गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 25 मई से 27 मई 2026 तक राज्य के मैदानी जनपदों में लू (हीट वेव) जैसी स्थिति बनने की संभावना जताई गई है। खासतौर पर हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, देहरादून, पौड़ी, नैनीताल और चम्पावत जनपदों के कुछ क्षेत्रों में तेज गर्म हवाएं चलने और तापमान में भारी बढ़ोतरी की आशंका है।
स्थिति को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश जारी किए हैं। जिला आपदा प्रबंधन एवं नियंत्रण कक्षों को 24×7 सक्रिय रखने के साथ स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में दवाइयों, ओआरएस, बर्फ और जरूरी उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि लू और डिहाइड्रेशन से प्रभावित मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके।
इसके अलावा नगर निकायों को बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ व ठंडे पेयजल की व्यवस्था करने तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों में अस्थायी शेड और विश्राम स्थल बनाने के निर्देश दिए गए हैं। बिजली और पेयजल विभागों को निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के साथ पानी की किल्लत वाले क्षेत्रों में टैंकरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
बाहरी कार्यस्थलों पर काम करने वाले श्रमिकों के लिए भी विशेष एडवाइजरी जारी की गई है। प्रशासन ने सलाह दी है कि श्रमिकों का कार्य समय सुबह और शाम तक सीमित रखा जाए ताकि दोपहर की तेज धूप से बचाव हो सके।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने लोगों से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान दोपहर में अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, अधिक मात्रा में पानी और तरल पदार्थ का सेवन करें तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।