कार की छत पर बैठकर मचाया उत्पात, वायरल वीडियो से खुली पोल, वाहन सीज

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस, वाहन सीज, युवक का चालान; एआरटीओ ने भी किया 10 हजार रुपये का चालान

मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में माल रोड पर एक युवक द्वारा चलती कार की छत पर बैठकर सार्वजनिक स्थान पर अशोभनीय हरकतें करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस और परिवहन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन को सीज कर दिया तथा युवक के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई को लेकर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था भंग करने और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें लाल रंग की ब्रेजा कार संख्या यूके-17 डब्ल्यू-3081 की छत पर बैठा एक युवक हुड़दंग करता दिखाई दे रहा था। वीडियो में युवक हाथ में शराब की बोतल लिए हुए कार की छत पर बैठकर सार्वजनिक स्थान पर अनुचित व्यवहार करता नजर आया। बताया जा रहा है कि यह घटना मसूरी के व्यस्त माल रोड क्षेत्र में रात्रि के समय हुई, जहां बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग मौजूद रहते हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर तथा क्षेत्राधिकारी मसूरी के पर्यवेक्षण में कोतवाली मसूरी पुलिस ने तत्काल मामले की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने वायरल वीडियो का गहनता से परीक्षण करते हुए वाहन की पहचान की और उसमें शामिल व्यक्तियों का पता लगाया। जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रहे वाहन और संबंधित युवक की पहचान सुनिश्चित की गई।

पुलिस द्वारा वाहन को तलाश कर अपने कब्जे में लिया गया तथा मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया गया। इसके साथ ही वाहन की छत पर बैठकर सार्वजनिक शांति भंग करने वाले युवक के विरुद्ध पुलिस एक्ट की धारा 81 के अंतर्गत चालान किया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूछताछ के दौरान युवक ने अपनी गलती स्वीकार की तथा भविष्य में इस प्रकार की हरकत न करने का आश्वासन देते हुए माफी भी मांगी। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर इस प्रकार की गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उधर, मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद संभागीय परिवहन विभाग ने भी इसे गंभीरता से लिया। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) पंकज श्रीवास्तव ने वाहन स्वामी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये का चालान किया। परिवहन विभाग का कहना है कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसी घटनाओं पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस का कहना है कि पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। माल रोड जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या स्टंटबाजी गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। ऐसे में नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मसूरी पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें तथा सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने या मनोरंजन के नाम पर किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि से बचें जिससे जनसुरक्षा, सार्वजनिक शांति अथवा अन्य लोगों के जीवन को खतरा उत्पन्न हो।

पुलिस ने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति को इस प्रकार की कोई गतिविधि दिखाई देती है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके और कानून व्यवस्था को प्रभावित होने से रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *