जौनसार-बावर की संस्कृति और विकास को मिली नई गति, सीएम धामी ने की कई बड़ी घोषणाएं

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय केदार सिंह स्टेडियम, नागथात में आयोजित जौनसार-बावर लोक सांस्कृतिक महोत्सव एवं क्रीड़ा समारोह-2026 में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. केदार सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने समारोह के दौरान क्षेत्र के विकास को गति देने हेतु कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें समरजेंस मोटर मार्ग का चौड़ीकरण एवं डामरीकरण, प्राथमिक विद्यालय नागथात को आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित करना, यमुना नदी पर 60 मीटर स्पैन पुल का निर्माण, विभिन्न ग्रामीण संपर्क मार्गों का निर्माण एवं पेयजल योजनाओं को स्वीकृति देने जैसी घोषणाएं शामिल हैं। साथ ही द्वीना से बिसोई खुना अलमान तक नए संपर्क मार्ग के निर्माण की भी घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री ने श्री महासू देवता को नमन करते हुए कहा कि जौनसार-बावर सांस्कृतिक पुनरुत्थान समिति पिछले 33 वर्षों से इस महोत्सव के माध्यम से क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने का सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जौनसार-बावर अपनी प्राकृतिक सुंदरता, मेहनतकश एवं स्वाभिमानी जनता तथा समृद्ध लोक संस्कृति के लिए पूरे प्रदेश में विशेष पहचान रखता है।

उन्होंने कहा कि जौनसार की संस्कृति, परंपराएं, सरलता, आत्मीयता और प्रकृति के प्रति सम्मान उत्तराखंड की मूल आत्मा का प्रतीक हैं। रासो की थाप, हारूल की गूंज और बौंद जैसी लोक परंपराएं न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक धरोहर हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, शिक्षा और समग्र विकास के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान, वन धन योजना और प्रधानमंत्री जनजातीय विकास मिशन जैसी योजनाओं से जनजातीय क्षेत्रों का व्यापक विकास हो रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान के अंतर्गत प्रदेश के 128 जनजातीय गांवों को चिन्हित किया गया है, जहां सड़क, बिजली, पेयजल और इंटरनेट जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। राज्य सरकार ने जनजातीय संस्कृति एवं खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिवर्ष जनजातीय खेल महोत्सव आयोजित करने का निर्णय भी लिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कालसी, मेहरावना, बाजपुर और खटीमा में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं, जबकि बाजपुर और चकराता में नए विद्यालयों का निर्माण कार्य जारी है। जनजातीय विद्यार्थियों को प्राथमिक स्तर से लेकर स्नातकोत्तर स्तर तक छात्रवृत्ति उपलब्ध कराई जा रही है तथा प्रदेश में 16 राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय भी संचालित हैं।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-707 एवं 707ए का चौड़ीकरण कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। कालसी-चकराता मार्ग पर जजरेड के पास भूस्खलन की समस्या के स्थायी समाधान के लिए कार्य किए जा रहे हैं। वहीं न्यू चकराता टाउनशिप हय्यो डांडा पंपिंग योजना पर लगभग 229 करोड़ रुपये की लागत से कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा श्री महासू देवता मंदिर परिसर के भव्य विकास के लिए 120 करोड़ रुपये की लागत से तैयार मास्टर प्लान के अंतर्गत विकास कार्य भी तेजी से संचालित किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर विधायक मुन्ना सिंह चौहान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान, दायित्वधारी गीता राम गौड़, मेला समिति अध्यक्ष नरेश चौहान, महासचिव नरेंद्र तोमर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *