पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खण्डूड़ी का कल होगा अंतिम संस्कार

देहरादून/हरिद्वार। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता भुवन चंद्र खण्डूरी के निधन के बाद पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। सैन्य अनुशासन, सादगी और स्वच्छ राजनीति की मिसाल रहे मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खण्डूड़ी को बुधवार, 20 मई 2026 को पूरे राजकीय एवं सामाजिक सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उनका पार्थिव शरीर बुधवार प्रातः 10:00 बजे उनके निजी आवास 250, फेज-2, बसंत विहार कॉलोनी, देहरादून से भाजपा प्रदेश कार्यालय के लिए रवाना होगा। प्रातः 10:30 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, समर्थकों एवं आमजन के लिए अंतिम दर्शन की व्यवस्था की गई है।

इसके बाद प्रातः 11:00 बजे उनका पार्थिव शरीर हरिद्वार के खड़खड़ी घाट के लिए प्रस्थान करेगा, जहां दोपहर 12:00 बजे पूरे विधि-विधान के साथ अंत्येष्टि कार्यक्रम संपन्न होगा।

भुवन चंद्र खण्डूड़ी भारतीय सेना में मेजर जनरल के पद तक पहुंचे और उसके बाद राजनीति में भी अपनी ईमानदार छवि, कठोर प्रशासनिक शैली और जनसेवा के लिए विशेष पहचान बनाई। उत्तराखंड राज्य निर्माण के बाद उन्होंने प्रदेश की राजनीति को नई दिशा देने का कार्य किया। मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के रूप में उनके कार्यकाल को पारदर्शिता, अनुशासन और विकास के लिए याद किया जाता है।

उनके निधन पर राजनीतिक, सामाजिक एवं सैन्य जगत की अनेक हस्तियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। भाजपा कार्यकर्ताओं सहित प्रदेशभर के लोगों में शोक और संवेदना का माहौल है। बड़ी संख्या में लोगों के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *