लोकतंत्र की नींव होगी और मजबूत, एसआईआर-2026 के लिए बीएलओ तैयार

देहरादून। आगामी निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) को सफल बनाने के लिए सोमवार को नगर निगम सभागार में धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ), बीएलओ सुपरवाइजरों एवं सहायक कार्मिकों के लिए दूसरे चरण का व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना रहा, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धर्मपुर विधानसभा के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी गौरव चटवाल ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती सटीक और अद्यतन मतदाता सूची पर आधारित होती है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में बीएलओ की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और सभी कार्मिकों को पूरी निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

8 से 17 जून तक घर-घर पहुंचेंगे गणना फार्म

अधिकारियों ने बताया कि एसआईआर-2026 के प्रथम चरण में 8 जून से 17 जून 2026 तक गणना फार्मों का शत-प्रतिशत वितरण किया जाएगा। इस दौरान बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता तक गणना फार्म पहुंचाएंगे। अभियान का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी परिवार या पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से छूट न जाए।

18 जून से शुरू होगा फार्म संग्रहण कार्य

अभियान के दूसरे चरण में 18 जून से भरे हुए एवं हस्ताक्षरित गणना फार्मों का संग्रहण किया जाएगा। प्रशिक्षण में निर्देश दिए गए कि प्रत्येक मतदाता को फार्म जमा करने के बाद प्राप्ति रसीद अवश्य प्रदान की जाए। इससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और जवाबदेह बनी रहेगी तथा सभी अभिलेखों का व्यवस्थित संधारण सुनिश्चित होगा।

डिजिटल तकनीक से होगी निगरानी

प्रशिक्षण में डिजिटल तकनीक के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि प्राप्त प्रत्येक गणना फार्म को बीएलओ एप के माध्यम से डिजिटाइज्ड कर ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा। इससे निर्वाचन संबंधी सूचनाओं का रियल टाइम संकलन, सत्यापन और निगरानी संभव हो सकेगी। बीएलओ को एप के नवीनतम संस्करण, डेटा एंट्री, दस्तावेज अपलोड और ऑनलाइन सबमिशन की प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

वोटर हेल्पलाइन एप और ईसीआई नेट पोर्टल की जानकारी

अधिकारियों ने बताया कि मतदाता वोटर हेल्पलाइन एप और ईसीआई नेट पोर्टल के माध्यम से गणना फार्म डाउनलोड कर सकते हैं, उसे भरकर ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं तथा निर्वाचन संबंधी आवश्यक जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं। बीएलओ को निर्देश दिए गए कि वे नागरिकों को इन डिजिटल सुविधाओं के प्रति जागरूक करें।

मतदाता सूची की शुद्धता से मजबूत होगा लोकतंत्र

गौरव चटवाल ने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य केवल मतदाता सूची का पुनरीक्षण करना नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना भी है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की विश्वसनीयता से जुड़ा विषय है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने विश्वास जताया कि एसआईआर-2026 अभियान के माध्यम से धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा सकेगा तथा यह अभियान लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *