देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्यसेवक सदन में आयोजित भव्य नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में विभिन्न विभागों में चयनित 276 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने सभी नवचयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और इसे जनसेवा की नई जिम्मेदारी का प्रारंभ बताया।
नियुक्ति प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों में वन विभाग के 109, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के 88, प्राविधिक शिक्षा विभाग के 65 तथा नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के 14 अभ्यर्थी शामिल हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नियुक्ति पत्र केवल नौकरी पाने का प्रमाण नहीं, बल्कि जनता की सेवा के प्रति समर्पण और उत्तरदायित्व का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत, अनुशासन, संघर्ष और धैर्य के बाद युवाओं ने यह सफलता अर्जित की है, जो उनकी योग्यता और प्रतिभा का परिचायक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह बनाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। नकल माफियाओं और भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रदेश में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसी का परिणाम है कि आज युवाओं की सफलता का आधार केवल उनकी योग्यता और मेरिट है।
उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में लगभग 33 हजार युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं से जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री ने नवचयनित कार्मिकों से अपेक्षा की कि वे ईमानदारी, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न विभागों में चयनित युवाओं की भूमिका राज्य के विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के कार्मिक प्रदेश के सुनियोजित विकास में योगदान देंगे, जबकि प्राविधिक शिक्षा विभाग के युवा तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास को नई दिशा प्रदान करेंगे। वहीं महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के कार्मिक मातृ एवं बाल कल्याण योजनाओं को मजबूती देंगे तथा वन विभाग में नियुक्त युवा राज्य की वन संपदा और जैव विविधता के संरक्षण में अहम भूमिका निभाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है और उत्तराखंड सरकार भी विकसित उत्तराखंड के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में आधारभूत संरचनाओं का तेजी से विकास हो रहा है, निवेश बढ़ रहा है और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ऐसी कार्यसंस्कृति को बढ़ावा दे रही है, जहां घोषणाओं से अधिक परिणाम और राजनीति से अधिक विकास को महत्व दिया जाता है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सभी नवचयनित युवा अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करते हुए उत्तराखंड के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल , धन सिंह रावत , रेखा आर्या , राज्यसभा सांसद नरेश बंसल , विधायक सविता कपूर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।