देवीधुरा पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, छात्र-छात्राओं से संवाद कर बढ़ाया उत्साह

देहरादून/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने एक दिवसीय चम्पावत दौरे के दौरान देवीधुरा स्थित राजकीय इंटर कॉलेज पहुंचकर छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शिक्षा के महत्व, अनुशासन और जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि विद्यार्थी देश और प्रदेश का भविष्य हैं तथा कठिन परिश्रम, सकारात्मक सोच और अनुशासन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को मन लगाकर अध्ययन करने और अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु लगातार प्रयासरत रहने का संदेश दिया। इस दौरान बच्चों में मुख्यमंत्री से मुलाकात को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने देवीधुरा में आयोजित ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026’ के अंतर्गत जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में संगठनात्मक विषयों और जनहित योजनाओं को लेकर चर्चा की गई।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *