पौड़ी। प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, ग्रामीण निर्माण, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री तथा चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने कहा कि ‘सेवा पखवाड़ा’ सरकार और जनता के बीच भरोसे का मजबूत सेतु है, जिसके माध्यम से सरकार अपनी उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाती है और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करती है।

सोमवार को अपने क्षेत्र भ्रमण के तीसरे दिन विकासखंड बीरोंखाल के भरपूर बड़ा, नेग्याणा, कसाणी, हलाड़, सैंधार, भरोलीखाल और कमलिया वल्ला सहित विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलनों एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों में उन्होंने भाग लिया।

इस दौरान मंत्री ने ₹3.20 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें ₹2.71 करोड़ की लागत से भगवती तलिया-कमलिया 5 किमी मोटर मार्ग पर आरसीसी सेतु निर्माण, ₹39.18 लाख से सैंधार-नेग्याणा-चोरखिण्डा मोटर मार्ग का सुधारीकरण एवं डामरीकरण, तथा ग्राम पंचायत कैलाड़ में ₹10 लाख की लागत से पंचायत भवन निर्माण शामिल है।
महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में पेयजल, सिंचाई और सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए करोड़ों रुपये की योजनाओं पर तेजी से कार्य हो रहा है। भूमियाखांडा-किंगोड़ीधार, डांडा नागराजा, वेदीखाल, बरसुण्डा देवता, भैरोंगढ़ी, जूनीसेरा-चौबट्टाखाल और हलूणी जैसी महत्वपूर्ण पंपिंग पेयजल योजनाएं क्षेत्र के विकास को नई गति दे रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर भाजपा युवा नेता सुयश रावत, जिलाध्यक्ष कमल किशोर, मंडल अध्यक्ष ओमपाल, जिला मंत्री बृजमोहन, जिला उपाध्यक्ष मैत्री प्रकाश, एसडीएम कृष्ण कुमार त्रिपाठी सहित कई जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।