देहरादून/ संवाददाता। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सेवा कोष सोसाइटी द्वारा श्री गुरु राम राय इंटर कॉलेज, नेहरू ग्राम में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना है।
सोसाइटी की सचिव शिवांगी नेगी और कोषाध्यक्ष कविता पोखरियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटते हरित क्षेत्र गंभीर चिंता का विषय हैं। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से विश्व पर्यावरण दिवस पर विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण को संतुलित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, बल्कि मानव जीवन के लिए स्वच्छ वायु, जल संरक्षण और जैव विविधता के संरक्षण में भी सहायक होते हैं। पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों को भी पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई जाएगी।
कविता पोखरियाल ने बताया कि सोसाइटी समय-समय पर सामाजिक एवं पर्यावरणीय गतिविधियों का आयोजन करती रही है। इस वर्ष भी विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण और उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लिया जाएगा, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में बड़े वृक्ष बनकर पर्यावरण को समृद्ध कर सकें।
उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने घर, विद्यालय, कार्यालय और आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाएं तथा उनकी देखभाल कर पर्यावरण संरक्षण के अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप दें।
इस अवसर पर सोसाइटी के पदाधिकारी, सदस्य, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।