धामी सरकार का अल्मोड़ा पर फोकस, सड़क से शिक्षा तक करोड़ों की योजनाओं का शुभारंभ

देहरादून/अल्मोड़ा। पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अल्मोड़ा जनपद को करीब 138 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी। अल्मोड़ा स्थित सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के नवीन प्रशासनिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कुल 26 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 112.113 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण तथा 25.979 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रदेशभर में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अल्मोड़ा सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण जनपद है, इसलिए यहां की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।

इन प्रमुख योजनाओं का हुआ लोकार्पण

मुख्यमंत्री द्वारा जिन प्रमुख योजनाओं का लोकार्पण किया गया उनमें रानीखेत तहसील में क्षतिग्रस्त आवास एवं कॉन्फ्रेंस हॉल निर्माण, राजकीय महिला पॉलीटेक्निक अल्मोड़ा की बाउंड्रीवाल, भैरव मंदिर क्षेत्र में पार्किंग निर्माण, जीआईसी अल्मोड़ा एवं केएमओयू बस स्टेशन में बहुस्तरीय पार्किंग निर्माण शामिल हैं।

इसके अलावा चचरोटी-खटलगांव-दीपामाई और बदनगढ़ भौनडांडा ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजनाएं, शीतलाखेत-कठपुड़िया-दौलाघट मोटर मार्ग सुधार, सोनी-तिलालीखेत मोटर मार्ग, रानीखेत-बुचड़ी-पंत कोटुली से गगास मोटर मार्ग सुधार, चौखुटिया एवं स्याल्दे क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा कार्य, सीएचसी लमगड़ा में ट्रांजिट हॉस्टल निर्माण तथा जागेश्वर क्षेत्र की सड़क परियोजनाएं शामिल रहीं।

कार्यक्रम में अजय टम्टा, हेमा गैड़ा, डॉ. प्रमोद नैनवाल, सतपाल सिंह बिष्ट, अंशुल सिंह तथा चंद्रशेखर आर घोड़के सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से अल्मोड़ा जिले में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय लोगों को बेहतर जीवन सुविधाएं मिलेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *