मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में सड़क किनारे अतिक्रमण कर सामान बेचने वालों के खिलाफ नगर पालिका प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। मसूरी-देहरादून मार्ग पर रोड किनारे कारपेट, टेडी बियर और अन्य सामान बेचकर अतिक्रमण करने वाले करीब दस पटरी व्यापारियों का सामान नगर पालिका टीम ने जब्त कर लिया।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने बताया कि लंबे समय से सड़क किनारे अस्थायी दुकानें लगने की शिकायतें मिल रही थीं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शिकायतों के बाद पालिका टीम ने अभियान चलाकर कार्रवाई की।
उन्होंने कहा कि सभी पटरी व्यापारियों को सख्त चेतावनी दी गई है कि यदि दोबारा सड़क किनारे सामान लगाया गया तो सामान जब्त करने के साथ चालान की कार्रवाई भी की जाएगी।
पालिका प्रशासन का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और अतिक्रमण मुक्त मसूरी के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।