पौड़ी। उत्तराखंड सरकार के “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत चल रहे 15 दिवसीय सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने शनिवार को अपने विधानसभा क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कीं, स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
महाराज ने पिनानी, घुडदौणस्यू, कोटा, पंचूर, मनकोट और पाटीसैंण शक्ति केंद्रों में आयोजित मंडल कार्यकर्ता सम्मेलन एवं “सशक्त मंडल-सशक्त संगठन” बैठकों में भाग लेते हुए कहा कि सरकार सेवा, सुशासन और समर्पण की भावना के साथ अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर उन्होंने विकास खंड पाबौ के अंतर्गत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 148.36 लाख रुपये की लागत से पाबौ-पिनानी-दमदेवल मोटर मार्ग के किलोमीटर 16 से 18 तक डामरीकरण, 123.30 लाख रुपये से पाबौ-दमदेवल मोटर मार्ग के किलोमीटर 32 एवं 33 का सुधारीकरण एवं डामरीकरण तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 15.83 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले झगरबौ-सिवाल-पल्ली गांव मोटर मार्ग का भूमि पूजन और शिलान्यास शामिल है। इसके साथ ही ग्राम झंगरबों में 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित पंचायत भवन का भी लोकार्पण किया गया।
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिनानी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य वर्ष 2035 तक उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाना है। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य केवल सरकारी योजनाओं का प्रचार नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचाना और जनता की समस्याओं का समाधान करना भी है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने सड़क एवं पंचायत भवन जैसी विकास परियोजनाओं को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए सरकार का आभार व्यक्त किया।