मुख्यमंत्री धामी के सेवा पखवाड़ा में उमड़ा जनसैलाब, हजारों लाभार्थियों को मिली योजनाओं की सौगात

देहरादून। ऋषिकेश के आईडीपीएल ग्राउंड में शनिवार को आयोजित ‘सेवा पखवाड़ा’ जनसेवा, सुशासन और समर्पण का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में आयोजित इस विशाल कार्यक्रम में 20 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया, जबकि 3,500 से अधिक पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में पहुंचे नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर राज्यपाल और मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा मुख्यमंत्री के सफल पांच वर्षीय कार्यकाल पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में देहरादून, हरिद्वार और टिहरी जनपदों के विभिन्न विभागों ने एकीकृत प्रयास (Integrated Efforts) के तहत आमजन को एक ही स्थान पर अनेक सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराईं। कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिया गया।

स्वास्थ्य शिविर में 1,000 से अधिक मरीजों का उपचार

विशाल स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 1,009 मरीजों की जांच एवं उपचार किया। इनमें 212 हड्डी रोग, 70 स्त्री रोग तथा 81 नेत्र, नाक और कान संबंधी मरीज शामिल रहे। इसके अलावा 13 बच्चों का टीकाकरण, 15 आयुष्मान कार्ड, 20 आभा कार्ड, 95 एक्स-रे और 70 रक्त जांचें की गईं। आयुष विभाग ने 310 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क औषधियों का वितरण किया, जबकि 23 दिव्यांग प्रमाणपत्रों का ऑनलाइन पंजीकरण भी किया गया।

पेंशन, दिव्यांग सहायता और स्वरोजगार को मिला बढ़ावा

समाज कल्याण विभाग ने 75 लोगों की विधवा, वृद्धावस्था एवं दिव्यांग पेंशन मौके पर स्वीकृत की तथा 10 यूडीआईडी कार्ड जारी किए। वहीं 280 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए।

कृषि, उद्यान, उद्योग, डेयरी, मत्स्य, रेशम, पशुपालन और लीड बैंक सहित विभिन्न विभागों ने 1,200 से अधिक लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया।

स्वयं सहायता समूहों और युवाओं को किया सम्मानित

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले लघु उद्योगों, स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को सम्मानित किया। सहकारिता विभाग के अंतर्गत पंजीकृत पांच स्वयं सहायता समूहों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रत्येक को 5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

कार्यक्रम के दौरान कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अल्मोड़ा, देहरादून और टिहरी के तीन युवाओं का जापान में रोजगार के लिए चयन होने पर भी सम्मानित किया गया। इन युवाओं को लगभग एक लाख रुपये प्रतिमाह के पैकेज पर रोजगार मिला है, जिसे राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया गया।

इसके अलावा मत्स्य, उद्यान, उद्योग और डेयरी विभाग के उत्कृष्ट लाभार्थियों को भी उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *