मसूरी में फर्जी VIP बनने की कोशिश पड़ी भारी, अवैध हूटर लगी थार पुलिस ने की सीज

लाइब्रेरी चौक पर चेकिंग के दौरान कार्रवाई, बिना अनुमति हूटर लगाकर चला रहा था वाहन

मसूरी। मसूरी पुलिस ने अवैध हूटर लगाकर वीआईपी रौब झाड़ने वाले वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी थार को मौके पर ही सीज कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी मसूरी के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई।

कोतवाली मसूरी पुलिस ने लाइब्रेरी चौक क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान यूपी-80 एचवाई-3007 नंबर की काले रंग की थार को रोककर जांच की गई। जांच में पाया गया कि वाहन पर बिना किसी सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के अवैध रूप से हूटर लगाया गया था, जिसका इस्तेमाल कर चालक स्वयं को वीआईपी दर्शाने का प्रयास कर रहा था।

पुलिस ने बताया कि वाहन में अवैध हूटर का उपयोग मोटर वाहन अधिनियम तथा शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का स्पष्ट उल्लंघन है। नियमों के उल्लंघन को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को मौके पर ही सीज कर दिया।

वाहन चालक की पहचान शिवम धाकड़, पुत्र श्रीराम धाकड़, निवासी नई की मंडी, शाहगंज, आगरा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

मसूरी पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य सभी नागरिकों के लिए सुरक्षित, व्यवस्थित और नियमसम्मत यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *